बहरागोड़ा (संवाददाता – एन. बेरा)।
बहरागोड़ा प्रखंड का डोमजुड़ी गांव इन दिनों जल निकासी की समस्या से परेशान है। गांव की सड़कें गंदे पानी और कीचड़ से भरी पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि घरों से निकलने वाला पानी और थोड़ी सी बारिश का पानी भी सड़क पर जमा हो जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से यह पानी लंबे समय तक ठहरा रहता है और सड़कों को कीचड़मय बना देता है। इसी रास्ते से महिलाएं मंदिर तक जाती हैं, लेकिन मंदिर के सामने भी जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे पूजा-पाठ तक प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। गंदगी और कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है, वहीं बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल पहुंचना भी कठिन हो गया है।
लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से शीघ्र कदम उठाने की मांग की है, ताकि जल निकासी की समुचित व्यवस्था हो सके और गांव की सड़कों पर जमा कीचड़ से निजात मिल सके।