जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिले में इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रतिमा विसर्जन से लेकर पूरे पर्व के दौरान प्रशासनिक तैयारियों और सामुदायिक सहयोग के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के सभी अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, पूजा समितियों, केंद्रीय शांति समिति, एडीआरएफ टीम, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स, दंडाधिकारियों, स्वयंसेवकों, मीडिया और आम नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व के सफल संचालन में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी रही।
उपायुक्त ने विशेष रूप से विभिन्न पूजा समितियों की सराहना की, जिन्होंने प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भीड़-प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और विसर्जन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाया। एडीआरएफ और सीएपीएफ के जवानों ने घाटों व प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया, जबकि जिला पुलिस बल ने सतर्कता और तत्परता के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखी।
अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन में किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी के आपसी समन्वय और अनुशासन के कारण दुर्गा पूजा और विसर्जन का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो पाया। यह जिले की सामूहिक एकजुटता और सांस्कृतिक सौहार्द्र का प्रतीक है।