पूर्वी सिंहभूम। 15 सितंबर 2025 को सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशानुसार गुप्त सूचना के आधार पर परसूडीह थाना क्षेत्र के छोटा गादड़ा गांव में एक जीर्ण-शीर्ण पक्का भवन में मिनी शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने ब्लैक हॉर्स, रॉयल गोल्डकप, आर सी सहित विभिन्न ब्रांड की शराब, ढक्कन, रैपर, खाली बोतलें और अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस ने बताया कि लगभग 400 लीटर रंगीन शराब और करीब 2,685 लीटर विदेशी शराब, 1,000 ब्रांडेड ढक्कन, 5 बंडल रैपर, 5 बंडल ब्रांडेड कार्टून और 10 लीटर कैरेमल बरामद किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच अभी भी जारी है। संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया जा रहा है।
इस ऑपरेशन में निरीक्षक उत्पाद श्री रामदास भागत, अवर निरीक्षक मो गुफरान, प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक और प्रतिनियुक्त गृह रक्षक शामिल रहे।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि अवैध शराब उत्पादन और बिक्री पर लगाम लगाई जा सके।