जमशेदपुर।
बीएसएनएल की नीतियों और प्रबंधन की कथित मनमानी के खिलाफ सोमवार को जमशेदपुर वेंडर एसोसिएशन ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष बब्लू झा के नेतृत्व में सैकड़ों संवेदक शामिल हुए और महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर घंटों तक नारेबाजी की।
धरना स्थल पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर भी पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। संवेदकों ने आरोप लगाया कि बीएसएनएल अकाउंट सेक्शन की मनमानी से उनकी मेहनत की कमाई काटी जा रही है, जबकि अन्य कंपनियां अपने संवेदकों को बोनस दे रही हैं।
प्रतिनिधियों को बुलाने पर हुआ विरोध
धरना के दौरान अधिकारियों ने केवल 3-5 प्रतिनिधियों को अंदर बुलाने की कोशिश की, लेकिन संवेदकों ने इसका विरोध किया और साफ कहा कि महाप्रबंधक खुद मौके पर आकर सभी से मुलाकात करें। बढ़ते दबाव के बीच मुख्य महाप्रबंधक पहुंचे और संवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने दो दिनों के भीतर लिखित समाधान का आश्वासन दिया।
सात सूत्री मांगें रखीं
वेंडर एसोसिएशन ने इस दौरान सात सूत्री मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं—
कमीशन कटौती पर रोक
SLA शुल्क वसूली बंद करना
OTT सेवाओं पर स्पष्ट नीति
फॉल्ट क्लियरिंग सिस्टम दुरुस्त करना
OLT भाड़ा वसूली खत्म करना
अकाउंट्स ऑफिसर संतोष कुमार का तबादला
जीएसटी भुगतान समय पर करना
प्रबंधन को दी चेतावनी
अध्यक्ष बब्लू झा ने कहा कि यदि दुर्गा पूजा से पहले सभी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वेंडर एसोसिएशन और संवेदक सामूहिक रूप से बीएसएनएल का इंटरनेट नेटवर्क ठप कर देंगे। उन्होंने साफ कहा कि इसके परिणामों की जिम्मेदारी पूरी तरह से बीएसएनएल प्रबंधन की होगी।