घाटशिला, संवाददाता:
मंगलवार को होने वाले घाटशिला विधानसभा उप चुनाव को देखते हुए घाटशिला थाना क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बंगाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है, जबकि विभिन्न चेकपोस्टों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
सोमवार को काशिदा-हुलूंग रोड से चेंगजोड़ा के पास बने चेकपोस्ट पर अधिकारियों ने वहां से गुजरने वाले हर वाहन की सूक्ष्म जांच की। वाहन चालकों से उनकी यात्रा का मकसद और गंतव्य भी पूछा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान होने तक विधानसभा क्षेत्र में बाहर के लोगों का प्रवेश बिना अनुमति निषेध है।
जांच के दौरान किसी भी वाहन से ऐसी सामग्री नहीं बरामद हुई, जो चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सके। इसके साथ ही, झारखंड-बंगाल सीमा पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पुलिस के जवान सीमा से लगे बूथों पर चौकसी बनाए रखेंगे।
सुरक्षा के तहत, मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, ताकि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि न हो।