जमशेदपुर के गोपाल मैदान में 1 दिसंबर से 14 दिसंबर 2025 तक राज्य स्तरीय हैंडलूम एक्सपो “हाथकरघा” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम झारक्राफ्ट तथा झारखंड रेशम, वस्त्र एवं हस्तशिल्प विकास निगम लिमिटेड द्वारा वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य झारखंड के पारंपरिक बुनकरों और शिल्पकारों को एक मजबूत मंच प्रदान करना है, ताकि उनके हुनर और स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। आयोजन में राज्य के साथ-साथ देश के कई अन्य प्रदेशों से आए बुनकर अपने बेहतरीन हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पाद—जैसे तसर, सिल्क, कॉटन, ऊनी परिधान, होम डेकोर आइटम और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुएँ—प्रदर्शित करेंगे।
झारक्राफ्ट की ओर से बताया गया कि यह एक्सपो #MyHandloomMyPride की भावना को आगे बढ़ाते हुए बुनकरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और परंपरागत कौशल को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। एक्सपो में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुँचकर स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करें और झारखंड की समृद्ध हस्तकरघा विरासत को समर्थन दें।