Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में चार दिवसीय इंटर-स्टेट जू मैनेजर्स सेमिनार का हुआ शुभारंभ

Spread the love

जमशेदपुर, 25 अगस्त 2025 — टाटा जू सभागार, जुबिली पार्क में सोमवार को इंटर स्टेट जू प्रबंधकों की चार दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड वाइल्डलाइफ के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) एस.आर. नटेश और टाटा जू के प्रबंधक कैप्टन अमिताभ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

यह कार्यशाला सेंट्रल जू अथॉरिटी ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देश पर आयोजित की गई है, जिसमें पूर्वी भारत के पांच राज्यों — झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ — से आए 22 चिड़ियाघरों के 33 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

सीसीएफ एस.आर. नटेश ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जू प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों और बेस्ट प्रैक्टिसेज की जानकारी मिलती है, जिससे जंतुओं की देखभाल और संरक्षण में उल्लेखनीय सुधार संभव है। उन्होंने बताया कि यह कार्यशाला केवल एक ज्ञानवर्धक मंच ही नहीं है, बल्कि यह राज्यों के बीच तकनीकी आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान करता है।

टाटा जू के प्रबंधक कैप्टन अमिताभ ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच जू प्रबंधन की दिशा में नए विचारों और नवाचारों को साझा करने का एक बेहतरीन अवसर है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यहां प्राप्त तकनीकी जानकारी को अपने जू में लागू कर जानवरों की देखभाल को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

कार्यशाला के विभिन्न सत्र जमशेदपुर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें वन विभाग और चिड़ियाघरों के अधिकारी भी अपनी विशेषज्ञता साझा करेंगे।