Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग का खुलासा, दो अपराधी और ज्वेलरी दुकानदार गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों समेत एक ज्वेलरी दुकानदार को गिरफ्तार किया है। मामले में छीनी गई चेन को गलाकर बनाई गई सोने की अंगूठियां, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और नकद राशि भी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, 2 मई को कदमा थाना क्षेत्र के अनिल सूर पथ रोड में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कदमा स्थित टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल के पास छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रकाश पटेल और प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि छीनी गई सोने की चेन को कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को 25 हजार रुपये में बेचा गया था। आरोप है कि दुकानदार ने चेन को पिघलाकर तीन सोने की अंगूठियां तैयार कर दी थीं। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलरी दुकानदार निखिल सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन सोने की अंगूठियां, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रकाश पटेल के खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।