जमशेदपुर, 17 अक्टूबर 2025 (अबुआ खबर):
जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय अली हुसैन उर्फ विकी का शव मखदमपुर इलाके से बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अली हुसैन पिछले कुछ दिनों से मखदमपुर में अकेले रह रहा था। गुरुवार (16 अक्टूबर) की सुबह स्थानीय लोगों ने उसे अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से हुई मौत। आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।