चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड के भालुबिंदा – सुनसुनिया साल जंगल में गुरुवार को एक अनूठा रक्षाबंधन उत्सव मनाया गया, जिसे जोहर भारत फाउंडेशन और वन प्रबंधन एवं संरक्षण महासमिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर पद्मश्री जमुना टुडू के नेतृत्व में वन सुरक्षा समिति से जुड़ी महिलाओं ने साल के पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।
उत्सव की शुरुआत में जमुना टुडू और अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में पूजा की थाल और रक्षा सूत्र लेकर जंगल में प्रवेश किया। वहां सभी ने साल के पेड़ों की आरती उतारी और उनके दीर्घायु होने की कामना की। महिलाएं एकजुट होकर पेड़ों और वन्य प्राणियों की रक्षा करने का संकल्प लेकर जंगल के महत्व को समझाने का प्रयास कर रही थीं।
पद्मश्री जमुना टुडू ने इस अवसर पर कहा, “हमारे नेतृत्व में वर्षों से जंगल बचाओ अभियान चल रहा है। हर साल रक्षाबंधन के मौके पर पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर हम महिलाओं द्वारा पेड़ों की रक्षा का संदेश देते हैं। पेड़ जीवन के लिए आवश्यक हैं, और इनकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। जब तक सांस है, यह अभियान जारी रहेगा।”
उन्होंने यह भी कहा, “हमारा मनुष्य के रूप में पेड़ों से पुराना नाता है। पेड़ हमारी रक्षा करते हैं, इसलिए पेड़ भाई समान हैं। पर्यावरण संतुलित रहने के लिए पेड़ों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।”
इस अवसर पर सुमित्रा महतो, जास्मी सोरेन, अनु महतो, अंजली हेंब्रम, सालखा हेंब्रम, धानी सोरेन, पूजा मुंडा, माधवी महतो, साकरो मुर्मू, दीपाली महतो, हेमवती महतो, बांगी सोरेन, दासी कर्मकार सहित अनेक महिलाएं उपस्थित थीं।