रांची, संवाददाता।
झारखंड में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JETET) को लेकर अभ्यर्थियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। आवेदन प्रक्रिया पूरी हुए एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद परीक्षा की तिथि घोषित न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने मंगलवार को राजधानी रांची में पुरानी विधानसभा से नयी विधानसभा तक पैदल मार्च किया और बाद में शांतिपूर्ण धरना दिया।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और विधानसभा परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी की—
“सरकार होश में आओ”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि जल्द से जल्द JETET परीक्षा की तिथि घोषित की जाए और भर्ती प्रक्रिया को गति दी जाए, ताकि योग्य उम्मीदवारों को रोजगार का अवसर मिल सके।
जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य गठन को 25 वर्ष हो गए, लेकिन अब तक शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमित रूप से आयोजित नहीं हो रही है। उन्होंने सरकार पर नियुक्ति नियमावली और रिक्त पदों के प्रति गंभीर न होने का आरोप लगाया।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।