चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) 9 जून: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से सोमवार को चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा का शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उपस्थित लोगों ने “भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें” के नारों के साथ उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा।
इस श्रद्धांजलि सभा में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण हांसदा, मो. गुलाब, अमर हांसदा, गौतम दास, पसंस बुबाई दास, राहुल महतो, कृति महतो, रशीद खान, गौतम शर्मा, मनोज महतो सहित कई अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को अन्याय और शोषण के खिलाफ संगठित किया और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका बलिदान झारखंड और पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, स्वाभिमान और न्याय स्थापित करने का संकल्प लिया।