रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को उसके आयोजन से महज एक दिन पहले ही स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जानी थी, लेकिन आयोग ने मंगलवार देर शाम अचानक एक नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि परीक्षा फिलहाल स्थगित की जाती है। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, इस परीक्षा के माध्यम से कुल 492 पदों पर नियुक्ति की जानी है। यह विज्ञापन वर्ष 2023 में जारी किया गया था, लेकिन लगातार विलंब के बाद जब परीक्षा तिथि घोषित हुई, तो अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। कई उम्मीदवार अपने परीक्षा केंद्र वाले जिलों तक पहुंच चुके थे। ऐसे में अचानक परीक्षा स्थगित होने की खबर ने उन्हें बेहद निराश कर दिया।
इस निर्णय को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने आयोग की कार्यप्रणाली पर कड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा —
“कल से झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय परीक्षा शुरू होनी थी। अभ्यर्थी अपने केंद्रों तक पहुंच चुके होंगे, और अब अचानक परीक्षा स्थगित कर दी गई। यह युवाओं की मेहनत और उम्मीदों के साथ खिलवाड़ है। अगर आयोग परीक्षा आयोजित करने में सक्षम नहीं है, तो पहले से सूचना क्यों नहीं दी गई? ऐसी लापरवाह एजेंसियों को जवाबदेह बनाना जरूरी है।”
सोशल मीडिया पर भी अभ्यर्थियों ने JSSC के इस कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कई उम्मीदवारों ने कहा कि यह निर्णय युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और आयोग को जल्द से जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित करनी चाहिए।