Responsive Menu
Add more content here...

पुणे से घर लौटते समय कर्नाटक में छिनतई, खंडामौदा का युवक दस दिनों से लापता; परिवार में बढ़ी चिंता

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता (एन बेरा)

बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा गांव निवासी आशीष कुमार पैड़ा बीते 10 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। परिजनों के अनुसार, 5 नवंबर को आशीष महाराष्ट्र के पुणे से अपने घर लौट रहे थे, तभी कर्नाटक क्षेत्र में उनके साथ छिनतई और मारपीट की सूचना मिली। इसके बाद से उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।

लापता युवक की पत्नी कलाबती पैड़ा ने बताया कि एक अज्ञात कॉलर ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी थी। लेकिन अब उस व्यक्ति का फोन भी बंद है, जिससे परिवार की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलाबती पैड़ा ने बरसोल थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पति को खोजने की गुहार लगाई है। वहीं इस मामले को लेकर उन्होंने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से भी संपर्क किया और पूरी आपबीती बताई।

सूचना मिलते ही कुणाल षाड़ंगी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा झारखंड पुलिस को ट्वीट के माध्यम से मामले की जानकारी दी और आशीष कुमार पैड़ा की जल्द से जल्द खोजबीन करने की मांग उठाई है।

इधर बरसोल पुलिस भी लापता युवक की तलाश में सक्रिय हो गई है और विभिन्न सूत्रों से जानकारी जुटाने में लग गई है। परिजन उम्मीद कर रहे हैं कि आशीष जल्द सुरक्षित मिल जाएँ।