Responsive Menu
Add more content here...

घाटशिला अनुमंडल की समस्याओं को लेकर कुणाल षडंगी ने उपायुक्त से की मुलाकात, त्वरित समाधान की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर झामुमो प्रवक्ता सह बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षडंगी ने मंगलवार को पुर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पेयजल संकट, लंबित वृद्धा एवं विधवा पेंशन, आंगनबाड़ी केंद्रों की कमी और जनकल्याणकारी योजनाओं की सुस्ती जैसे मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।

पेयजल योजनाएं वर्षों से बंद, ग्रामीण परेशान
कुणाल षडंगी ने बताया कि चाकुलिया प्रखंड के बड़ामारा, मालकुंडी, कुचियाशोली और गुड़ाबांधा प्रखंड के मुराकाटा पंचायत सहित कई गांवों में सोलर पेयजल योजनाएं वर्षों से खराब पड़ी हैं। पंचायतों के पास मरम्मत के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और बजट का स्रोत स्पष्ट न होने के कारण कार्य अटका है, जिससे गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है।

बिना भवन के चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र
उन्होंने कहा कि मुसाबनी टाउनशिप के हरिजन बस्ती और चाकुलिया प्रखंड के जुगीतोपा पंचायत के माड़दाबांध और मिस्रिकाटा गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र भवनविहीन हैं। इस वजह से छोटे बच्चे शिक्षा और पोषण जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित दारिशोल के ग्रामीण
बहरागोड़ा प्रखंड के खेडुआ पंचायत के दारिशोल गांव के सैकड़ों लोगों को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं मिला है, जिसे लेकर भी उन्होंने गहरी चिंता जताई।

पेंशन भुगतान में हो रही देरी
घाटशिला अनुमंडल के सभी प्रखंडों में वृद्धा और विधवा पेंशनधारियों को पिछले 3-4 महीनों से भुगतान नहीं मिला है, जिससे बड़ी संख्या में बुजुर्ग और विधवा महिलाएं प्रभावित हो रही हैं।

उपायुक्त ने दिया भरोसा
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि एक-दो दिनों में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल योजनाओं की मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा। मई माह तक की पेंशन राशि प्राप्त हो चुकी है और वितरण प्रक्रिया शुरू है, वहीं जून की राशि जल्द जारी होगी।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा कर जहां भवन की आवश्यकता है, वहां स्थायी या वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग
कुणाल षडंगी ने प्रशासन से आग्रह किया कि जनहित से जुड़ी इन बुनियादी समस्याओं पर शीघ्र निर्णय लेते हुए ग्रामीणों को राहत पहुंचाई जाए।