बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) 28 जुलाई 2025:
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को समय पर भुगतान नहीं मिलने की शिकायतों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने सोमवार को बहरागोड़ा बीडीओ केशव भारती से मुलाकात की। डॉ. गोस्वामी ने लंबित राशि के शीघ्र भुगतान की मांग करते हुए कहा कि योजना का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब इसका लाभ हर पात्र महिला को समय पर मिले।
“कई महिलाओं को अब तक नहीं मिला लाभ”: गोस्वामी
डॉ. गोस्वामी ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं हैं जिनका नाम मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सूची में शामिल नहीं है, जबकि वे सभी मानदंडों को पूरा करती हैं। वहीं जिनका नाम सूची में है, उन्हें भी कई महीनों से भुगतान नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पेंशन योजनाओं पर भी जताई चिंता
इस मौके पर डॉ. गोस्वामी ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन की लंबित किश्तों को लेकर भी बीडीओ से बात की और शीघ्र भुगतान की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज के इन वर्गों के लिए सरकारी योजनाएं जीवनरेखा के समान हैं, और इनका नियमित भुगतान बेहद आवश्यक है।
बीजेपी प्रतिनिधिमंडल रहा मौजूद
बीडीओ से मुलाकात के दौरान डॉ. गोस्वामी के साथ बहरागोड़ा मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर, वरिष्ठ नेता रंजीत बाला, श्रीवत्स घोष, आशीष महापात्र, वृतिका महापात्र, कमलकांत सिंह, उत्पल पैड़ा, मानिक दास, राजीव भूईं, देवव्रत दे, सनत भगत, तरुण बेरा, रूपेश सिंह, रंजीत कारेक, यादव पात्र, राजू महतो, और ननीगोपाल साव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
बीडीओ केशव भारती ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर लंबित भुगतान की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा और योग्य लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा।