बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) 28 जुलाई 2025: बहरागोड़ा प्रखंड के पारुलिया पंचायत भवन में सोमवार को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धा पेंशन योजना के तहत पंचायत स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य था — पंचायत क्षेत्र के उन सभी योग्य वृद्धजनों को पेंशन योजना से जोड़ना, जो तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से अब तक लाभ से वंचित रह गए हैं।
पंचायत मुखिया सुपर्णा सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की यह योजना वृद्धजनों के लिए सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर शिविर लगाने से उन लोगों को सहायता मिलेगी जो ऑनलाइन आवेदन करने में सक्षम नहीं हैं या दस्तावेज जमा करने में कठिनाई महसूस करते हैं।
दस्तावेज जमा और प्रक्रिया: शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों से आवश्यक दस्तावेज जैसे — आधार कार्ड, बैंक पासबुक और उम्र संबंधित प्रमाणपत्र एकत्र किए गए। इन दस्तावेजों के आधार पर आगे पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मुखिया ने बताया कि राज्य सरकार की यह योजना बुजुर्ग नागरिकों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक सहारा देती है, और पंचायत यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।
शिविर में उपस्थित गणमान्य: इस अवसर पर पंचायत सचिव विकास रुहीदास, उप मुखिया पिऊ दास, मुखिया प्रतिनिधि सुधीर सिंह, वार्ड सदस्य स्वपना साहू, अचिंत पाल, विश्वजीत पाल, डाबल नायक, सुमित कुमार समेत कई स्थानीय प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।