Responsive Menu
Add more content here...

झारखंड-बंगाल सीमा पर मदनसोल गांव में भटका जंगली हिरण, ग्रामीणों ने बचाकर वन विभाग को सौंपा

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता निलेश बेरा की रिपोर्ट

झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित मदनसोल गांव में गुरुवार की सुबह एक जंगली हिरण के भटक कर पहुंचने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। यह हिरण चित्रेस्वर गांव के समीप जंगल से रास्ता भटककर गांव की ओर आ गया था। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए न केवल हिरण को सुरक्षित पकड़ा, बल्कि उसकी जान भी बचाई।

ग्रामीणों के अनुसार हिरण पर कुछ कुत्तों ने हमला कर दिया था, जिसे देख स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और किसी तरह कुत्तों को भगाकर हिरण को सुरक्षित किया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पश्चिम बंगाल वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल वन विभाग की टीम रेस्क्यू वाहन के साथ मौके पर पहुंची और हिरण को कब्जे में लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग और जागरूकता की सराहना करते हुए बताया कि हिरण को झाड़ग्राम रेंज कार्यालय ले जाया गया है।

वन विभाग ने बताया कि हिरण कमजोर और आंशिक रूप से घायल था, जिसे फिलहाल झाड़ग्राम रेंज कार्यालय के वन्यजीव अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। उपचार के बाद हिरण को झाड़ग्राम जू (चिड़ियाघर) में स्थानांतरित किया जाएगा।

इस घटना में गांव के लोगों ने जो जागरूकता और सतर्कता दिखाई, उसकी न केवल वन विभाग बल्कि सामाजिक संगठनों द्वारा भी सराहना की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि जंगली जानवरों का इस तरह से गांव की ओर आना आम बात होती जा रही है, जिसके पीछे जंगलों में भोजन और पानी की कमी को एक बड़ा कारण माना जा रहा है।