Responsive Menu
Add more content here...

डुमरिया के आमदा गाँव में मलेरिया का प्रकोप, 6 बच्चे और 3 वयस्क अस्पताल में भर्ती

Spread the love

जमशेदपुर | संवाददाता

जमशेदपुर में मलेरिया का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। डुमरिया प्रखंड के दूरस्थ आमदा गाँव से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार और आसपास के घरों में कुल 9 लोग एक साथ मलेरिया से प्रभावित पाए गए। इनमें 6 बच्चे और 3 वयस्क शामिल हैं। सभी को तुरंत जमशेदपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुँची गांव, 9 लोग पॉजिटिव
गांव में पिछले एक सप्ताह से कई लोगों को तेज बुखार, ठंड लगना और कमजोरी की शिकायत थी। स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने जांच की, जिसमें 9 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई।

सबर समुदाय के लोग अधिक प्रभावित
मलेरिया से पीड़ित सभी लोग सबर समुदाय से आते हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर और जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में रहने के कारण स्वास्थ्य सुविधाओं से दूर रहते हैं। परिवारों ने बताया कि बच्चों की हालत लगातार खराब हो रही थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया।

एक परिजन ने कहा,
“कई दिनों से तेज बुखार था, बच्चे भी बहुत कमजोर हो गए थे। गांव के लोगों ने सलाह दी कि अस्पताल जाना जरूरी है, अब यहां इलाज चल रहा है।”

इलाज जारी, निगरानी बढ़ाई गई
चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में दवा छिड़काव, मच्छर नियंत्रण और बुखार सर्वे अभियान भी शुरू कर दिया है ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।

गांव में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को मच्छरदानी के उपयोग, साफ-सफाई और समय पर इलाज के लिए प्रेरित किया जा रहा है।