रांची/जमशेदपुर
झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शनिवार सुबह एक गंभीर हादसे में घायल हो गए। जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित सरकारी आवास के बाथरूम में फिसलने से उन्हें सिर में गंभीर चोट और ब्रेन में ब्लड क्लॉट हुआ है। फिलहाल उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पहले जमशेदपुर, फिर दिल्ली एयरलिफ्ट
हादसे के बाद उन्हें तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया था, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर करने का निर्णय लिया। उन्हें एयर एंबुलेंस के ज़रिए अपोलो अस्पताल, दिल्ली में स्थानांतरित किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
स्वास्थ्य मंत्री दिल्ली रवाना
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे स्वयं दिल्ली रवाना हो चुके हैं और लगातार डॉक्टरों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि “रामदास सोरेन जी के बेहतर इलाज और देखभाल के लिए राज्य सरकार हर ज़रूरी कदम उठा रही है। हम सब उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।”
गंभीर चोटें, हालत नाजुक
डॉक्टरों के अनुसार, गिरने से मंत्री के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। ब्रेन इंजरी और संभावित ब्लड क्लॉट के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। फिलहाल ICU में भर्ती रामदास सोरेन की हालत पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है।
📌 अबुआ खबर की टीम रामदास सोरेन जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती है।
झारखंड की हर ज़रूरी खबर के लिए जुड़े रहिए अबुआ खबर के साथ —
अबुआ खबर – हमर बात,तोहर आवाज