संवाददाता: रांची से विशेष रिपोर्ट
रांची, 4 जून — राजधानी रांची में आज आदिवासी संगठनों के आह्वान पर झारखंड बंद का व्यापक असर देखा गया। सिरमटोली सरना स्थल के पास बनाए जा रहे फ्लाईओवर रैंप के विरोध में आदिवासी बचाओ मोर्चा और केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली बचाओ मोर्चा ने बंद बुलाया था।
बंद के समर्थन में राजधानी के कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। शहर के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान, स्कूल और संस्थान बंद रहे। सुबह से ही बंद समर्थकों ने विभिन्न चौक-चौराहों पर डेरा जमा लिया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
पुलिस अलर्ट मोड में
बंद को देखते हुए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रांची डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि शहर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद है और किसी भी उपद्रव की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।
एसएसपी ने बंद समर्थकों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखें और किसी भी प्रकार की हिंसा या तोड़फोड़ से बचें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लाईओवर बना विवाद की वजह
राजधानी के लिए अहम समझे जाने वाला सिरमटोली फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन इसके निर्माण को लेकर विवाद लगातार जारी है। आदिवासी संगठनों का आरोप है कि फ्लाईओवर सरना स्थल की पवित्रता को प्रभावित कर रहा है और आदिवासी अस्मिता पर सीधा हमला है।