Responsive Menu
Add more content here...

RCB की जीत के जश्न में मातम: चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 10 की मौत, 50 घायल

Spread the love

बेंगलुरु, 4 जून 2025
आईपीएल 2025 में 18 साल बाद खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (RCB) की टीम के सम्मान में मंगलवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। लेकिन यह जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में प्रशंसक जुटे थे। भीड़ इतनी ज़्यादा हो गई कि स्टेडियम के बाहर अफरा-तफरी मच गई। धक्का-मुक्की में कई लोग घायल हो गए, वहीं कई लोग बेहोश हो गए। बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार भगदड़ में एक महिला समेत 10 लोगों की मौत हो गई और करीब 50 लोग घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग सुबह से ही स्टेडियम के बाहर जुटने लगे थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, भीड़ बेकाबू होती गई। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नहीं होने के कारण हालात और बिगड़ गए।

पुलिस बल को मौके पर स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दूसरी ओर, स्टेडियम के अंदर आरसीबी की टीम की जीत का जश्न जारी रहा, जहां खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और फैन्स के साथ जश्न मनाया गया।