संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट
चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। यात्रियों से टिकट के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे थे। आरोप है कि रेलवे के बुकिंग क्लर्क और स्थानीय दलालों की मिलीभगत से यह गोरखधंधा लंबे समय से चल रहा था। इस मामले के उजागर होने के बाद बुधवार को विधायक समीर कुमार मोहंती के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं ने स्टेशन परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
मामला तब सामने आया जब मुस्लिम बस्ती निवासी युवक आदिल रहमान ने झामुमो नगर अध्यक्ष मो. गुलाब से इसकी शिकायत की। आदिल के अनुसार वह मंगलवार सुबह 6 बजे पटना से टाटानगर का तत्काल टिकट लेने स्टेशन पहुंचा था, लेकिन बुकिंग क्लर्क राजकिशोर नारायण ने टिकट देने से इनकार कर दिया।

इसके बाद बुधवार को झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ विधायक समीर मोहंती टिकट काउंटर पर पहुंचे। वहां उन्हें बड्डीकानपुर-कालापाथरा पंचायत के बड़ियागाजाड़ गांव निवासी सिरमत मांडी मिला, जिसने बताया कि उसे खड़गपुर से तरुणागुल्लू के लिए चार तत्काल टिकट चाहिए थे। टिकट की वास्तविक कीमत ₹3400 थी, लेकिन स्थानीय दलाल राजू दास और कलीम खान ने उससे ₹10,000 की मांग की और फिर उसे कंफर्म टिकट थमा दिया।
इस खुलासे से आक्रोशित विधायक समीर मोहंती ने मौके पर बुकिंग क्लर्क को बुलाया और उसे जमकर फटकार लगाई। साथ ही दलालों द्वारा वसूली गई राशि पीड़ित को लौटाने की मांग की। इस दौरान आरोपी दलाल कलीम खान मौके से फरार हो गया।
विधायक ने खड़गपुर डिवीजन के डीआरएम से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। बाद में उन्होंने वाणिज्यिक निरीक्षक से बातचीत कर बुकिंग क्लर्क राजकिशोर नारायण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित सिरमत मांडी ने इस मामले में रेलवे अधिकारियों को लिखित शिकायत भी सौंपी है।
प्रमुख आरोपित:
दलाल: राजू दास, कलीम खान
विधायक की मांग: मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी यात्री के साथ इस तरह की ठगी न हो।
