घाटशिला के मऊभंडार में बिल्डर से मारपीट और धमकी का था मामलाजमशेदपुर: रंगदारी और मारपीट के मामले में जेल भेजे गए जिला परिषद सदस्य करण सिंह को अदालत से जमानत मिल गई है। मामला घाटशिला अनुमंडल के मऊभंडार इलाके का है, जहां 28 मई को कदमा के बिल्डर रौशन लाल गुप्ता पर कथित तौर पर हमला किया गया था।पीड़ित बिल्डर का आरोप है कि वे मऊभंडार में निर्माण कार्य करवा रहे थे, तभी करण सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे और जबरन रकम की मांग करने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और काम रुकवा दिया गया। इस घटना को लेकर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।29 मई को पुलिस ने करण सिंह और उनके सहयोगी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस कार्रवाई के बाद जिला परिषद की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें चेयरपर्सन बारी मुर्मू की अध्यक्षता में सदस्यों ने करण सिंह को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए डीसी और एसएसपी को ज्ञापन सौंपा।अब कोर्ट से जमानत मिलने के बाद करण सिंह समर्थकों में राहत की लहर है, वहीं मामला राजनीतिक तूल भी पकड़ रहा है।