जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम | 18 जुलाई 2025
समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को निजी विद्यालयों में आरटीई (RTE) के तहत आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए द्वितीय चरण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न की गई। यह प्रक्रिया उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस चरण में कुल 697 आवेदनों में से 192 सीटों के लिए नामांकन हेतु चयन सूची तैयार की गई है। लॉटरी प्रक्रिया में उन 28 निजी विद्यालयों को शामिल किया गया, जहाँ निर्धारित सीटों से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। इन विद्यालयों में सार्वजनिक रूप से लॉटरी के माध्यम से बच्चों का चयन किया गया।
वहीं, 19 अन्य विद्यालयों में जहाँ आवेदन की संख्या सीटों से कम रही, वहां की चयन सूची बिना लॉटरी के अंतिम रूप से तैयार की गई।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्य, जिला प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी और अभिभावक संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
सभी चयनित विद्यालयों को लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके माध्यम से आगामी 5 दिनों के भीतर ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह पहल शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम है।