जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम | 18 जुलाई 2025
पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने की।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने नागरिकों की व्यक्तिगत, सामाजिक और सामूहिक समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नागरिकों द्वारा दिए गए आवेदनों में निम्न मुद्दे प्रमुख रहे:
दुर्घटनाग्रस्त कर्मचारी के स्थानांतरण की मांग
लंबित वेतन भुगतान
भारी वर्षा से संपत्ति को हुए नुकसान का मुआवजा
खनन पट्टा (माइनिंग लीज) संबंधी आवेदन
दुकान आवंटन
दिव्यांग प्रमाण पत्र
पेयजल समस्या
सड़क पर अतिक्रमण
भूमि मुआवजा और भूमि विवाद
अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं
उप विकास आयुक्त ने आवेदकों से सीधे संवाद किया और मौके पर ही कुछ मामलों में समाधान की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई। वहीं, शेष आवेदनों को संबंधित शाखाओं को अग्रसारित करते हुए आगे की कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन का यह प्रयास प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।