बहरागोड़ा, झारखंड। संवाददाता: बापुन
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत गुहियापाल पंचायत के बांकदह गांव स्थित शांकसाई टोला के ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की समस्या को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) केशव भारती को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कांग्रेस प्रदेश कमिटी डेलीगेट तापस महापात्र के नेतृत्व में सौंपा गया।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि टोला की मुख्य सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के मौसम में स्थिति अत्यंत दयनीय हो जाती है, जहां स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और आम राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बीडीओ से सड़क की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है ताकि आवागमन सुचारू हो सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। साथ ही, ग्रामीणों ने बीडीओ से स्वयं मौके पर आकर स्थिति का निरीक्षण करने और आवश्यक कार्रवाई करने की भी अपील की।
इस अवसर पर बिरबल राणा, दिलीप कुमार राणा, राहुल राणा, दीपक राणा, अमृत किस्कू, दिलीप किस्कू, आकाश टुडू, सीमा मंडी, पूजा टुडू, विष्णु राणा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर अपना समर्थन जताया।
यह मांग न केवल जनसंवेदनशीलता का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्र के आधारभूत ढांचे के सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल भी मानी जा रही है।