जमशेदपुर। संवाददाता
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए कहा कि पिछले वर्ष के दौरान उन्होंने लगातार सरकारी विभागों से समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि बीते 12 महीनों में 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली लगभग 1321 छोटी-बड़ी योजनाएँ धरातल पर उतारी गई हैं, जिनमें सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, सामुदायिक भवन समेत कई जनसुविधा से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
आने वाले वर्ष में बड़े प्रोजेक्ट्स पर रहेगा फोकस
विधायक राय ने कहा कि अब आगामी वर्ष में बड़े और अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा करवाने पर जोर रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कई विभागों को बार-बार अनुरोध के बावजूद बड़े योजनाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं मिली है।
विभागों पर सख्त रुख अपनाने की चेतावनी
सरयू राय ने विभागीय उदासीनता पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि—
“पिछले एक वर्ष तक मैंने अनुरोध कर काम करवाने की कोशिश की। लेकिन अब समय आ गया है कि विभागों से सख्ती से काम लिया जाए। अगले एक वर्ष में महत्वपूर्ण परियोजनाओं को विभागों पर दबाव बनाकर हर हाल में पूरा करवाया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि जनता के हित में जो भी योजनाएँ लंबित हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।