देवघर, झारखंड – झारखंड सरकार ने श्रावणी मेले को लेकर एक अहम फैसला लिया है। बाबा बैद्यनाथ धाम में अब किसी को भी VIP एंट्री की सुविधा नहीं मिलेगी। पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने स्पष्ट किया है कि इस बार सभी श्रद्धालुओं को आम कतार में लगकर ही जलार्पण करना होगा। रविवार और सोमवार को “शीघ्र दर्शनम” कूपन की सुविधा भी स्थगित रहेगी, जिससे कोई विशेष दर्जा प्राप्त न कर सके।
मंत्री ने कहा कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि सभी को समान अवसर मिल सके और भीड़ पर नियंत्रण रखा जा सके।
इस वर्ष श्रावणी मेला 11 जुलाई से शुरू हो रहा है। लाखों श्रद्धालु देशभर से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर पहुंचते हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन ने कावड़िया पथ पर 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है, जिनमें से 80 प्रतिशत कैमरों की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन कैमरों से असामाजिक, शरारती और आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन और सहयोग की अपील की है, ताकि श्रद्धा के इस महापर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।