जमशेदपुर संवाददाता: टाटानगर स्टेशन मेन गेट के पास मंगलवार सुबह एक सीएनजी टेंपो में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही वाहन में दो जोरदार धमाके हुए, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोगों में हड़कंप फैल गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो को कीताडीह निवासी चालक पवन राय चला रहा था। वह स्टेशन से यात्रियों को लेकर जैसे ही आगे बढ़ा, कुछ राहगीरों ने वाहन के नीचे से चिंगारी निकलते हुए देखी और तुरंत चालक को इसकी सूचना दी। चेतावनी मिलने के कुछ ही क्षण बाद टेंपो से धुआँ उठने लगा और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया।
आग लगते ही चालक पवन राय और सभी यात्री तुरंत वाहन से उतरकर सुरक्षित दूर चले गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। थोड़ी ही देर में टेंपो पूरी तरह धू-धू कर जल उठा और दो तेज ब्लास्ट भी हुए, जिससे वातावरण और भी तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर वैन, आरपीएफ, और जीआरपी की टीम मौके पर पहुँच गई। इसके बाद दमकल की एक गाड़ी ने पहुँच कर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।