घाटशिला। संवाददाता
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत बांकी पंचायत के तिलका मेमोरियल क्लब चिरुगोड़ा के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया। ग्रुप ए का मैच 4 सितंबर को खेला गया, जबकि ग्रुप बी का मुकाबला आज संपन्न हुआ।
फाइनल में मामो एफसी ने जय एंड बीरू बड़ाघाट को पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। विजेता टीम को 50,000 रुपये, जबकि पराजित टीम को 35,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। सेमीफाइनल में पराजित दोनों टीमों को 15,000-15,000 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री के छोटे पुत्र रूपेश सोरेन, घाटशिला विधानसभा प्रभारी जगदीश भकत, पूर्व कोषाध्यक्ष कालीपोदो गोराई, प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, प्रखंड सचिव खुदीराम हांसदा, प्रखंड उपाध्यक्ष दासमत सोरेन सहित कई गणमान्य व्यक्ति, क्लब पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे।
प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण और शानदार रहा। खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों ने खेल का आनंद लिया। इस कार्यक्रम ने शिक्षक दिवस के महत्व को खेल और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से उजागर किया।