बहरागोड़ा, संवाददाता (एन. बेरा)
बरसोल थाना क्षेत्र के अजंता होटल के पास एनएच-49 पर रविवार देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दिगबर्दा गांव के चालक कान्हू चरण साहु (38 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक चालक सनातन मुर्मू (33 वर्ष), निवासी चदनासोल, करंजिया (ओडिशा) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मृतक कान्हू चरण साहु मालुआ गांव से धान लोड कर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पेट्रोलिंग वाहन से बहरागोड़ा सीएचसी लाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने कान्हू साहु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सनातन मुर्मू को प्राथमिक उपचार के बाद पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारिपदा (ओडिशा) रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक का शव अपने कब्जे में लेकर सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया। इधर, दुर्घटना की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी, 8 साल की बेटी और 4 साल का बेटा छोड़ गए हैं।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही विधायक समीर महंती बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मदद राशि प्रदान की और कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता दिलाने की पूरी पहल की जाएगी।