नई दिल्ली। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की जल्द ही भारत यात्रा पर आ सकते हैं। इसकी पुष्टि भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने की है। हालांकि, दौरे की सटीक तारीख को लेकर अभी दोनों देशों के बीच चर्चा जारी है।
गौरतलब है कि पिछले साल अगस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन का दौरा किया था। उसी दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण दिया था। अगर यह यात्रा तय होती है, तो यह जेलेंस्की का पहला भारत दौरा होगा।
राजदूत पोलिशचुक ने कहा कि भारत और यूक्रेन के बीच भविष्य में रणनीतिक साझेदारी की कई संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, “भारतीय प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति जेलेंस्की को आमंत्रण दिया है और दोनों पक्ष इस पर काम कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि राष्ट्रपति निश्चित रूप से भारत आएंगे। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों में एक नई उपलब्धि होगी।”
यह दौरा भारत और यूक्रेन के संबंधों को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है, खासकर ऐसे समय में जब रूस-यूक्रेन युद्ध जारी है और वैश्विक राजनीति में दोनों देशों की भूमिका अहम मानी जा रही है।