चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह)
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत माटियाबांधी पंचायत के बालियागुड़ी गांव में मंगलवार को एक मवेशी की करंट लगने से मौत हो गई। गांव के निवासी तुलसीचरण महतो का मवेशी खेत में चर रहा था, तभी वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पशु मालिक तुलसीचरण महतो ने इसकी सूचना पंचायत के मुखिया जादू हेम्ब्रम को दी और सरकार से मुआवजा दिलाने की मांग की। सूचना पाते ही मुखिया जादू हेम्ब्रम स्वयं मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया।
मुखिया जादू हेम्ब्रम ने भरोसा दिलाया कि मवेशी मालिक को सरकार की निर्धारित मुआवजा योजना के अंतर्गत उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग से आग्रह किया है कि क्षेत्र में खुले तारों की नियमित जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।