जमशेदपुर। संवाददाता:
आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को घाटशिला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने झांटीझरना पंचायत के बूथ संख्या 95 (राजकीय प्राथमिक विद्यालय बालिडीह), बूथ संख्या 96 (अपग्रेडेड विद्यालय भुमरू) और बूथ संख्या 97 (अपग्रेडेड विद्यालय झांटीझरना) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के प्रारूप प्रकाशन से संबंधित जानकारी ली और मतदाता सूची में दर्ज नामों की स्थिति पर बीएलओ से विस्तृत बातचीत की।
उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर शौचालय, दिव्यांगजन हेतु रैंप, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, प्रवेश और निकास व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची से किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि उपचुनाव के दौरान दिव्यांगजन, महिला और वृद्ध मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए, ताकि हर मतदाता निर्बाध और सुरक्षित वातावरण में मतदान कर सके। उन्होंने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के मौके पर एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, सीओ निशात अंबर सहित कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।