बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में रोजगार की दिशा में बड़ी पहल की गई। सोमवार को मुख्य सड़क किनारे स्थित महिंद्रा स्किल इंडिया सेंटर में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत मेगा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन हुआ। इस कैंप में कुल 58 युवक-युवतियों को विभिन्न कंपनियों में नौकरी के अवसर मिले।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस मौके पर जिला स्किल कोऑर्डिनेटर नवलेश नेहाल, सेंटर हेड सांतनु साहू, प्लेसमेंट हेड अनिर्बन विश्वास सहित कई अधिकारी और कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्लेसमेंट कैंप में युवाओं का चयन अलग-अलग कंपनियों में हुआ—
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (होसुर) : 20 प्रशिक्षु
एस.पी. अपैरल (तिरुपुर) : 11 प्रशिक्षु
स्पार्क मिंडा (मैसूर) : 12 प्रशिक्षु
महावीर मेडीसेल (बेंगलुरु) : 15 प्रशिक्षु
इसके अलावा कुछ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन और टूल किट भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि नवलेश नेहाल ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट सेंटर का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार योग्य बनाना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि स्किल इंडिया मिशन 2015 से लगातार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम कर रहा है।
यह प्लेसमेंट कैंप बहरागोड़ा क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।