बहरागोड़ा/संवाददाता ( बापुन)
मैत्री संगठन के संस्थापक एवं समाजसेवी संदीप शाउ ने अपना जन्मदिन इस बार समाजसेवा को समर्पित किया। उन्होंने जयपुरा, बहरागोड़ा के गोपालपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय पड़सिया और खड़गपुर के समीप अभयनगर आदर्श गुरुकुल (अनाथालय) में बच्चों के बीच पहुँचकर खुशियाँ साझा कीं।
अनाथालय में उन्होंने बच्चों को चावल, दाल, सोया, बिस्कुट, तेल, चॉकलेट व मिठाई उपलब्ध कराई और विशेष मध्यान्ह भोजन का भी आयोजन किया। वहीं विद्यालय में संदीप शाउ ने बच्चों के साथ पारंपरिक तरीके से जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा सामग्री, रंगीन पेंसिल और कार्यपुस्तिकाएँ वितरित की गईं। साथ ही मध्यान्ह भोजन और मिठाइयाँ भी परोसी गईं।
इस दौरान बच्चों और अभिभावकों ने संदीप शाउ को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में समाजसेवी पार्वती शंकर बाटाब्याल और गोपालपुर पंचायत के मुखिया भी उपस्थित रहे। मुखिया ने कहा— “जन्मदिन मनाने का यह अनोखा तरीका समाज के लिए प्रेरणादायी है।”
कार्यक्रम का समापन स्वच्छ और हरित अभियान के तहत वृक्षारोपण से किया गया।
संदीप शाउ का यह प्रयास संदेश देता है कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि समाजसेवा और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का अवसर भी हो सकता है। उनका यह कदम अनुकरणीय है और समाज में भाईचारा व समरसता की भावना को मजबूत करता है।