नई दिल्ली/रांची। देश की सुरक्षा एजेंसियों ने पाँच राज्यों में चलाए गए समन्वित अभियानों के दौरान एक बड़े आतंकी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में कुल पाँच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें सबसे महत्वपूर्ण गिरफ्तारी झारखंड की राजधानी रांची से हुई, जहां अशहर दानिश नामक व्यक्ति को दबोचा गया। अधिकारियों के अनुसार, दानिश पूरे नेटवर्क का समन्वयक था और पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलर से लगातार संपर्क में रहता था। संगठन के भीतर उसे कोडनेम ‘सीईओ’ से जाना जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि दानिश न केवल युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल करने का काम करता था, बल्कि वित्तीय लेन-देन और गुप्त संदेशों का आदान-प्रदान भी उसी के जिम्मे था।
सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि पाँच राज्यों में एक साथ चलाए गए छापों का उद्देश्य संभावित आतंकी साजिशों को नाकाम करना था। प्रारंभिक पूछताछ से संकेत मिले हैं कि गिरफ्तार आतंकियों का उद्देश्य आने वाले समय में देश की राजधानी और अन्य बड़े शहरों में बड़े हमलों को अंजाम देना था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कहा कि गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क के अन्य सक्रिय सदस्यों की पहचान की जा रही है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मॉड्यूल की अंतरराष्ट्रीय कड़ी को भी खंगालने में लगी हुई हैं। अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई से देश में एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।