जमशेदपुर।
साकची बाजार में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा दुकान के स्टाफ ने अपने ही मालिक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, घायल दुकान मालिक को गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल व्यापारी की पहचान विशाल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो साकची बाटा चौक के पास स्थित चिरंजी लाल एंड संस नामक कपड़ा शोरूम के मालिक हैं। हमलावर युवक की पहचान परसुडी निवासी शुभोजीत के रूप में हुई है, जिसने महज तीन दिन पहले ही शोरूम में काम शुरू किया था। दो दिन काम करने के बाद वह अचानक लापता हो गया था।
शनिवार को शाम के समय शुभोजीत शोरूम पहुँचा और बकाया पेमेंट की मांग की। इसी दौरान दुकान मालिक और स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई। मालिक ने दो दिनों की मजदूरी अगले दिन देने की बात कही, लेकिन विवाद बढ़ते ही शुभोजीत ने अचानक चाकू निकालकर मालिक पर हमला कर दिया।
घटना के बाद दुकान में हड़कंप मच गया। अन्य कर्मचारियों ने तुरंत हमलावर को काबू में किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।