बहरागोड़ा संवाददाता एन बेरा:
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-49 पर जामशोला के पास रविवार की रात प्रशासन ने एक अवैध रूप से बालू लदे हाईवा को जब्त किया। हाईवा की पंजीकरण संख्या WB-49 9406 बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान बालू से भरे दो हाईवा को पकड़ा। दोनों वाहनों को बहरागोड़ा थाना लाकर थाना कांड संख्या 76/25 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा और थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक कई वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की गई है, और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से स्थानीय बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। क्षेत्र के चौक-चौराहों और चाय टपरीयों पर यही चर्चा है कि प्रशासन की कड़ी निगरानी के बावजूद माफिया लगातार सक्रिय हैं। बताया जाता है कि रोजाना दर्जनों हाईवा अवैध रूप से बालू लादकर जमशेदपुर और पश्चिम बंगाल भेजे जाते हैं।
स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे लगातार छापेमारी अभियान ने अवैध खनन माफियाओं की नींद हराम कर दी है, लेकिन प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आगे और तेज एवं व्यापक स्तर पर जारी रहेगी।