चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह): पूर्वी सिंहभूम जिला के चाकुलिया प्रखंड स्थित श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र स्वर्णरेखा नदी से बालू के अवैध कारोबार का हब बन गया है। थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के कई घाटों से रोजाना करोड़ों के बालू की चोरी हो रही है।
बिना नंबर प्लेट के सैकड़ों ट्रैक्टर बालू लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। हैरान करने वाली बात है कि अधिकांश ट्रैक्टरों के चालक नाबालिग हैं। अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर और हाइवा श्यामसुंदरपुर थाना के सामने एनएच 18 से और थाना के करीब स्थित पिताजुड़ी- गुड़ाबांदा सड़क से गुजर रहे हैं। थाना क्षेत्र में कई जगहों पर अवैध बालू का भंडारण है।
Read More : चाकुलिया में अवैध बालू पर कार्रवाई, पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया
लेकिन स्थानीय प्रशासन सिर्फ तमाशा देख रहा है। अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर श्यामसुंदरपुर और चाकुलिया थाना क्षेत्र से गुजरते हैं।
श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के बालीजुड़ी और चंदनपुर समेत विभिन्न नदी घाटों से बालू का अवैध उत्खनन दिन रात धड़ल्ले से जारी है। बालू से लदे ये ट्रैक्टर प्रतिदिन श्यामसुंदरपुर थाना के ठीक सामने से गुजरते हैं। फिर भी पुलिस इस पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई नहीं करती।
करवाई का कोरम पूरा करने के लिए कभी कभार किसी ट्रैक्टर जब्त किया जाता है। बालू की लूट पर पुलिस की चुप्पी ने प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसी ही स्थिति चाकुलिया थाना क्षेत्र में भी देखी जा रही है। अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर मुख्य बाजार सड़क से रफ्तार से गुजरते हैं।
इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी काफी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन और परिवहन का यह पूरा खेल पुलिस और बालू माफियाओं की कथित मिलीभगत से फल-फूल रहा है। जहां एक ओर सरकार अवैध खनन पर नकेल कसने की बात कर रही है। वहीं दूसरी ओर इन थाना क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रख कर सरेआम बालू की चोरी का खेल जारी है।