Responsive Menu
Add more content here...

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जवाहर नवोदय विद्यालय बालीकुड़िया में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा का शुभारंभ

Spread the love

बहरागोड़ा: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, बालीकुड़िया में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा बड़े ही उत्साह और सांस्कृतिक माहौल में मनाया जा रहा है। इस दौरान विद्यालय परिसर में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और आदिवासी नायकों के योगदान पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष को “जनजातीय गौरव पखवाड़ा” के रूप में मनाने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में विद्यालय में विद्यार्थियों को जनजातीय नायकों के संघर्ष और उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से हर दिन अलग-अलग सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित “धरती आबा – एक नायक” नामक नाटक प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा। प्राचार्य डॉ. सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा ने समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए जो योगदान दिया, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने और समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय की विशिष्ट संस्कृति, पूजा पद्धति, गीत-संगीत और जीवनशैली भारतीय विरासत की अनमोल धरोहर है, जिसे संजोकर रखना गर्व की बात है। यह पखवाड़ा छात्रों को जनजातीय समाज की संस्कृति, खानपान और जीवन मूल्यों को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण — मुकेश कुमार, प्रवीण कुमार, सुजाता महंता, कृष्णा विश्वास, प्रिया प्रियदर्शिनी, स्वीटी श्यामल, सीमा कुमारी, ब्यूटी साइकिया, आकांक्षा सिंह, अप्सरा बाला सहित कई अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित थीं।