बहरागोड़ा संवाददाता : बहरागोड़ा प्रखंड के पारुलिया पंचायत अंतर्गत जगन्नाथपुर हनुमान मंदिर के पीछे स्थित टोला में सोलर चलित जलमिनार का स्विच खराब होने के कारण लगातार 24 घंटे पानी बह रहा है। इसी वजह से किसान अमिओ कुमार भद्र की लगभग 4 बीघा पकी हुई धान की खेती में पानी घुस गया और फसल बर्बाद होने के कगार पर है।
किसान अमिओ कुमार भद्र ने बताया कि जलमिनार का स्विच कई महीनों से खराब है, जिसके कारण दिन-रात पानी बह रहा है। उनका कहना है कि पकी हुई धान की खेत में पानी घुसने से फसल खराब हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन से तुरंत स्विच ठीक करने और स्थिति सुधारने की मांग की है।
अमिओ कुमार ने आगे कहा कि उन्होंने बड़ी मेहनत और खर्च करके धान की खेती की थी। खेत में पानी जमा होने से न केवल फसल बर्बाद हो रही है, बल्कि कीटनाशक और अन्य खर्च भी बेकार हो जाएंगे। वर्तमान में पकी हुई धान की खेत में लगभग 1 फीट तक पानी भर गया है, साथ ही कीचड़ भी जमा हो गया है।
किसान ने चेतावनी दी कि जब तक पानी पूरी तरह सूखता नहीं, तब तक धान काटना संभव नहीं होगा। यदि और कुछ दिन देरी हुई तो धान सड़कर खेत में गिर जाएगी और उसे उठाना असंभव हो जाएगा। उन्होंने प्रखंड प्रशासन से उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।