जमशेदपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो गोविंदपुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने छापेमारी कर जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनकी पहचान सैय्यद अज़हर इमाम, मो. असदुल्लाह और समीर खान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, सोना–चांदी के कई आभूषण और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। ये सामान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सैय्यद अज़हर इमाम एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से 11 मामले दर्ज हैं और वर्तमान में 5 मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी गिरोह और भी कई वारदातों में संलिप्त हो सकता है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।