बहरागोड़ा। संवाददाता
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव
बहरागोड़ा प्रखंड के ईचड़ाशोल मौजा स्थित पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मंगलवार को 20वां वार्षिकोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। दो दशकों की शैक्षणिक यात्रा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास को समर्पित इस आयोजन ने सभी पर गहरी छाप छोड़ी।
अतिथियों ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अजित बोदरा सहित विशिष्ट अतिथि अंजनी कुमारी, मालती लागुरी, शिल्पा मार्डी और सुमित्रा कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
छात्राओं ने झारखंड की लोक संस्कृति, नाटक, भजन और देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर
समारोह में वक्ताओं ने बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही बताया गया कि पीएमश्री योजना के तहत विद्यालय को ‘ग्रीन स्कूल’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय ग्रामीण बेटियों के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा, खेलकूद और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर विद्यालय की वार्डन और शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।