चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
किसानों की समस्या को लेकर उठी मांग
चाकुलिया प्रखंड के किसानों की सिंचाई समस्या को देखते हुए बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को पत्र सौंपकर चेक डैम निर्माण की मांग की है।
सिंचाई व्यवस्था की कमी से किसान परेशान
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि चाकुलिया एक कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां अधिकांश लोग खेती पर निर्भर हैं। लेकिन पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को बारिश पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे फसल उत्पादन प्रभावित होता है।
इन स्थानों पर चेक डैम बनाने की मांग
उन्होंने बेंद पंचायत के कुपन नदी और कामारीगोड़ा मौजा स्थित गंधरूपी नदी पर चेक डैम निर्माण कराने का विशेष आग्रह किया है। उनका कहना है कि इन स्थानों पर चेक डैम बनने से किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
किसानों की आर्थिक स्थिति में होगा सुधार
विधायक समीर मोहंती ने विश्वास जताया कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि चेक डैम बनने से न केवल किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा।