Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: सिमदी गांव में चड़क पूजा का भव्य आयोजन, अनोखी भक्ति ने खींचा ध्यान

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत सिमदी गांव स्थित सिमदेश्वर शिव मंदिर में मंगलवार को पारंपरिक चड़क पूजा पूरे उत्साह और आस्था के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटे और भगवान शिव के प्रति अपनी भक्ति प्रकट की।

पूजा की शुरुआत मंदिर के समीप स्थित तालाब में स्नान और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद भक्तों ने विभिन्न कठिन धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से अपनी आस्था का प्रदर्शन किया। कई श्रद्धालु तपती धूप में जमीन पर लोटते हुए मंदिर पहुंचे, तो कुछ कांटों पर लेटकर अपनी श्रद्धा व्यक्त करते नजर आए।

Read More : चाकुलिया में अवैध बालू पर कार्रवाई, पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया

इस दौरान कई भक्तों ने पारंपरिक रीति के अनुसार जीभ और शरीर में लोहे की कील तथा आलपीन चुभाकर भगवान शिव की आराधना की। गोपाल चंद्र नायक ने अपने शरीर में 151 आलपीन और मनोरंजन नायक ने 108 आलपीन चुभाकर पूजा की, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं कुछ श्रद्धालु पीठ में हुक लगाकर लगभग 35 फीट ऊंचाई तक झूलते नजर आए, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम के दौरान “जीभ फोड़” और “रजनी फोड़” जैसे पारंपरिक अनुष्ठान भी संपन्न किए गए। पूजा के बाद चड़क पूजा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक कोकिल चंद्र महतो, भवतारण महतो, अध्यक्ष मनोज कुमार महतो, सचिव अनूप कुमार महतो, कोषाध्यक्ष धनंजय महतो सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *