रांची: राजधानी रांची में सरकारी शराब दुकानों के संचालन को लेकर प्रशासन ने बड़ा और अहम फैसला लिया है। अब इन दुकानों का संचालन प्लेसमेंट एजेंसियों के बजाय होमगार्ड के जवान संभालेंगे। इस निर्णय का उद्देश्य संचालन में पारदर्शिता और सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
जानकारी के अनुसार, रांची जिले में कुल 166 खुदरा शराब दुकानें हैं। इनमें से 76 विदेशी शराब दुकानें, 41 देसी शराब दुकानें, और 49 कंपोजिट शराब दुकानें शामिल हैं।
नई व्यवस्था के अनुसार:
विदेशी शराब दुकानें (76) – प्रति दुकान 3 जवान के अनुसार कुल 228 जवानों की जरूरत होगी।
देसी शराब दुकानें (41) – प्रति दुकान 1 जवान के अनुसार 41 जवानों की आवश्यकता होगी।
कंपोजिट दुकानें (49) – प्रति दुकान 2 जवान की जरूरत के अनुसार 98 जवानों की तैनाती की जाएगी।
इस पूरी व्यवस्था को लागू करने और नियमावली को अंतिम रूप देने में लगभग दो महीने का समय लग सकता है।
प्रशासन का मानना है कि होमगार्ड जवानों की तैनाती से दुकानों में सुरक्षा, नियंत्रण और नियमों के अनुपालन में सुधार होगा। साथ ही शराब की दुकानों के संचालन में अनियमितताओं पर भी रोक लगाई जा सकेगी।