रांची, 10 जुलाई 2025: राजधानी रांची में आज पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हो रहा है। यह बैठक रेडिसन ब्लू होटल में सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। अमित शाह बुधवार रात ही रांची पहुंचे हैं और बैठक से पहले सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक को लेकर सुरक्षा और समन्वय के लिए गृह मंत्रालय के अधिकारी पहले ही रांची पहुंच चुके हैं।
बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बिहार के मंत्री विजय चौधरी और सम्राट चौधरी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहनचरण मांझी, उपमुख्यमंत्री पार्वती परीदा, मंत्री मुकेश महालिंग और पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य शामिल होंगे।
कुल 20 मुद्दों पर चर्चा की योजना है। झारखंड सरकार इस मंच पर गृह मंत्रालय को एक मांग पत्र सौंप सकती है, जिसमें विशेष केंद्रीय सहायता, लंबित बकाया भुगतान और एसआरई फंड की बहाली जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।