चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। चाकुलिया नगर पंचायत ने सड़क किनारे खुले में मांस के अवशेष और मुर्गियों के पंख फेंके जाने की लगातार मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सभी मांस दुकानदारों को कार्यालय में बुलाकर सख्त हिदायत दी है।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित इस बैठक में नगर प्रबंधक अनंत खलखो, प्रभात मिंज, सफाई सुपरवाइजर असीम नाथ, गौरव शर्मा समेत सभी मांस दुकानदार उपस्थित थे। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि भविष्य में किसी भी दुकानदार द्वारा सड़क किनारे मांस के अवशेष या पंख फेंके जाते हुए पाए गए, तो संबंधित दुकानदारों से जुर्माना वसूला जाएगा और न्याय संगत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
अधिकारियों ने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे नगर पंचायत द्वारा निर्धारित व्यवस्था के तहत ही अवशेषों का निस्तारण करें, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को असुविधा न हो।
नगर प्रशासन ने यह भी कहा कि जल्द ही नियमित निरीक्षण शुरू किया जाएगा और जो भी दुकानदार नियमों का उल्लंघन करेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।